रालोद का धरना प्रदर्शन चार को
शामली। राष्ट्रीय लोकदल की जिला कार्यालय पर बैठक हुई। चार जुलाई को कलक्ट्रेट पर विद्युत दरों में वृद्धि के विरोध होने वाले धरना प्रदर्शन को लेकर रणनीति बनाई। वहीं, नौ जुलाई को कैराना लोकसभा उपचुनाव की जीत को लेकर धन्यवाद सभा का आयोजन होगा। जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से धरना प्रदर्शन और धन्यवाद सभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजनों को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में रालोद के जिलाध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन ने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर चार जुलाई को विद्युत दरों में वृद्धि के विरोध में कलक्ट्रेट में 11 बजे से 4 बजे तक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपने अपने सेक्टरों में पहुंचकर अधिक से अधिक लोगों को धरने में शामिल कराने का कार्य करें। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि नौ जुलाई को झिंझाना रोड स्थित जेजे फार्म हाउस पर कैराना लोकसभा उपचुनाव की जीत को लेकर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी धन्यवाद सभा का आयोजन करेंगे। सभी से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का कार्य करें। वहीं, कैराना लोकसभा से नवनिर्वाचित रालोद सांसद तबस्सुम हसन ने कहा कि चुनाव में रालोद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिस प्रकार लगन व मेहनत से चुनाव लड़ाया है वह स्वयं सभी के साथ रहकर रालोद को और अधिक मजबूत बनाने का कार्य करेंगी। पार्टी के कार्यकर्ताओं का कभी भी मनोबल कमजोर नहीं होने देंगी। पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल ने कहा कि जिस प्रकार कैराना लोकसभा चुनाव में भाजपा की जड़ हिलाने का कार्य किया है अब उसी प्रकार 2019 के चुनाव में भी जड़ को उखाड़ फेंकने के लिए समाज के आपसी भाईचारे को फिर से कायम करना होगा। इसी क्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री डॉक्टर राजकुमार सांगवान, पूर्व विधायक बलबीर मलिक, तरसपाल मलिक, अनवार चौधरी, सत्यबीर पंवार, वाजिद अली, चंद्रबीर निर्वाल आदि ने भी दोनों आयोजनों को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। इस दौरान देशराज भनेड़ा, मुकेश सैनी, सोहनपाल, जावेद अख्तर, रविंद्र, रणधावा मलिक, विक्रांत जावला, सुनील मलिक, योगेश भभीसा, सनोज, उस्मान राव, ताज मोहम्मद, शेर मोहम्मद, बिजेंद्र मलिक, प्रवीण, सर्वेश, राजन, शेखर सैनी, कंवरपाल, उपेंद्र, सतबीर, देवानंद, विनोद, जगदीश, संजीव, पवन लांक आदि मौजूद रहे।