आरके पीजी कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के छठे दिन स्वयंसेवकों को प्राकृतिक चिकित्सालय के प्रभारी डॉ. रामदत्त शर्मा ने असाध्य रोगों से बचाव के प्राकृतिक नुस्खे सिखाए।
शामली में करनाल रोड स्थित प्राकृतिक चिकित्सालय में चल रहे रासेयो शिविर का शुभारंभ रविवार को डॉ. ओमकार सिंह एवं स्वयंसेवक शिवम और प्रवीण ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित करके किया। प्रथम सत्र में प्राकृतिक चिकित्सालय के प्रभारी डॉ. रामदत्त शर्मा ने स्वयंसेवकों को बताया कि खान-पान तथा दिनचर्या पर विशेष ध्यान देना चाहिए। इससे अनेक रोगों से बचा जा सकता है। उन्होंने प्राकृतिक चिकित्सालय परिसर में लगे औषधीय पौधों के बारे में जानकारी दी। डॉ. ओमकार सिंह ने आधुनिक विज्ञान के नवीनतम आयाम जैव प्रौद्योगिकी तकनीकी रचनात्मक उपयोगिता पर प्रकाश डाला। द्वितीय सत्र में सामाजिक कुरीति दहेज प्रथा विषय पर वाद विवाद प्रतियोगिता हुई। वहीं, क्रीड़ा एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रभारी डॉ. परवीन अहमद ने स्वयंसेवकों को मानव जीवन में क्रीड़ा की उपयोगिता के बारे में बताया। तृतीय सत्र में स्वयंसेवकों ने प्राकृतिक चिकित्सालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान डॉ. पीके सिंह, शिवम, शमशीर, सद्दाम, सचिन, गौरव, लोकेंद्र आदि मौजूद रहे।
जारी रहा उच्च शिक्षा विचार मंच का धरना
शामली। यूनिवर्सिटी की स्थापना की मांग को लेकर उच्च शिक्षा विचार मंच का शामली में सुभाष चौक पर बेमियादी धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान सपा युवजन सभा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव डॉ. अनुज पंवार ने कहा कि शामली जिले में यूनिवर्सिटी की स्थापना बेहद जरूरी है। क्योंकि यहां के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे जिलों में जाना पड़ता है। उच्च शिक्षा विचार मंच के संयोजक जयवीर कुड़ाना और बाबूराम पंवार ने कहा कि इस मांग के लिए लंबे समय से आंदोलन चल रहा है। मानव श्रंखला बनाई गई, गांव और कस्बों में जाकर हस्ताक्षर अभियान चलाकर समर्थन मांगा गया। उनकी मांग है कि जिले की जनता के हित में यूनिवर्सिटी की स्थापना होनी चाहिए। इस दौरान अनुज जावला, सौरव सिंह, शुभम मलिक, आदित्य पंवार सहित अन्य लोगों ने भी विचार व्यक्त किए।