सैनिक बंधु की बैठक में कई मुद्दे उठाए गए, जिसमें प्रमुख रूप से पेंशन न मिलने के विवाद, जमीन की पैमाइश और विद्युत निगम से संबंधित समस्याएं रहीं। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने समस्याओं का प्रमुखता से निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।
सोमवार को शामली कलक्ट्रेट सभाकक्ष में डीएम की अध्यक्षता में सैनिक बंधु की बैठक हुई। दो माह पूर्व हुई सैनिक बंधु की बैठक में रखी गई शिकायतों के निस्तारण रिपोर्ट पेश की गई, जिसमें रामेश्वर दयाल सहित तीन लोगों के पेंशन संबंधी विवाद थे, जबकि रसूलपुर गुजरान निवासी पूर्व सैनिक रामपाल, खानपुर निवासी संजीव कुमार, करौदा हाथी निवासी सूबेदार वीरेंद्र सिंह ने जमीन के विवाद की शिकायत की थीं। इन सभी शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया। वहीं, सोमवार की बैठक में कैराना निवासी ओमपाल सिंह ने नलकूप का बोरिंग फेल होने पर बिजली बिल माफ कराने, फतेहपुर निवासी ब्रजपाल सिंह ने हाइटेंशन लाइन सर्वे के मुताबिक बिछवाने के अलावा ऊन क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी कृष्णपाल सिंह ने अवैध कब्जे हटाने में पक्षपात करने की शिकायत की, तो करौदा हाथी निवासी ऋषिपाल ने चकरोड की जमीन से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की। संचालन कैप्टन राजवीर सिंह ने किया। इस दौरान एक्स सर्विस मेन वेलफेयर समिति के अध्यक्ष सतेंद्र सिंह, महामंत्री रविंद्र मलिक, सहदेव सिंह, तेजपाल मलिक, वीरसैन, रामपाल सिंह, सलेकचंद और ऋषिपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
- चार फरवरी को होगा पूर्व सैनिक पुन:मिलन समारोह
शामली। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय की तरफ से चार फरवरी को शामली में करनाल रोड स्थित आरके इंटर कॉलेज में पूर्व सैनिक पुन:मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। पूर्व सैनिक समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि समारोह में सीएसडी कैंटीन, मेडिकल, ईसीएचएस, पेंशन और डीपीडीओ आदि विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे, जो पूर्व सैनिकों की समस्याओं का निस्तारण करेंगे।