कांधला(शामली)। दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर भारसी मोड़ के पास पीकप और ट्रैक्टर ट्राली की आमने सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में पीकअप चालक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को गंभीर हालत के चलते मेरठ रेफर कर दिया गया है।
मोहल्ला नई बस्ती कांधला देहात निवासी मुकीम ठेकेदार जनपद बागपत के गांव असारा में शौचालय निर्माण का कार्य कर रहा है। उसके साथ कस्बा कांधला व आसपास क्षेत्र से मजदूर काम कर रहे हैं। बृहस्पतिवार शाम गांव असारा से काम समाप्त करने के बाद पीकअप चालक दिलशाद (30) निवासी गढ़ी दौलत, मुकीम (25), बेसर (22), सद्दाम (20) आमिर (25) निवासी मन्ना माजरा और नई बस्ती कांधला निवासी नईम (29) कांधला लौट रहे थे। रात करीब सात बजे जब वह दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर गांव भारसी मोड़ के पास पहुंचे तो कांधला की ओर से आई ट्रैक्टर ट्राली से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चालक दिलशाद की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसमें सवार अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर उसका चालक फरार हो गया।
राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पीकअप सवार घायलों को उतारा और कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते घायलों को मेरठ रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना पर मृतक चालक दिलशाद और घायल मजदूरों के परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। दिलशाद के परिवार के लोगों का रोरोकर बुरा हाल हो गया। थाना प्रभारी ओपी चौधरी का कहना है कि दिलशाद पक्ष की ओर से तहरीर दी गई है। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया है, उसके चालक को तलाश किया जा रहा है।