गांव मीमला में ट्रक की चपेट में आने से किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। गांव से ट्रक को लाने को लेकर ग्रामीण और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। घायल किसान के भाई ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के गांव मीमला निवासी दिव्यांग बिल्लू मंगलवार शाम अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान किवाना की ओर से आए ईंटोें से लदे ट्रक की चपेट में आने से बिल्लू घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने घायल बिल्लू को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसको गंभीर हालत के चलते शामली लाए और फिर मेरठ रेफर कर दिया गया। वहीं, ग्रामीणों ने ट्रक को अपने कब्जे में कर लिया।
बुधवार को ट्रक मालिक ने कांधला थाना पुलिस को सूचना देकर बताया कि उसका ट्रक मीमला गांव में ग्रामीणों ने जबरन रोक लिया है। इस पर पुलिस ट्रक को लेने के लिए गांव में पहुंची। ग्रामीणों की पुलिसकर्मियों से तीखी नोकझोंक भी हो गई। गांव के जिम्मेदार लोगो ने पुलिस को बताया कि हादसा ट्रक चालक की गलती से हुआ है। क्योंकि किसान बिल्लू अपने घर के बाहर खड़ा था और ट्रक को आता देखकर वह दीवार के नजदीक चला गया था। बावजूद इसके चालक ने लापरवाही से ट्रक चलाते हुए किसान को घायल कर दिया। इसके बाद पीड़ित पक्ष के लोगों थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।