उपचार के दौरान कार चालक ने भी तोड़ा दम
झिंझाना (शामली)। तीन दिन पूर्व मेरठ-करनाल हाईवे पर हुए हादसे में घायल कार चालक ने चंडीगढ़ पीजीआई में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में तीन महिला तथा एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।
नौ जुलाई को मेरठ-करनाल हाईवे काठा नदी के पास डंफर चालक ने कार सवारों को टक्कर मार दी थी। कार में पटियाला निवासी विश्व अग्रवाल, उनकी पत्नी अंजू, सीमा वर्मा, रानी की मौके पर मौत हो गई थी। जबकि चालक शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया था। चालक को गंभीर अवस्था में मेरठ मेडिकल ले जाया गया था, जहां से उसको परिजन पीजीआई चंडीगढ़ ले गए थे। तब से शुभम का उपचार पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा था। उधर, बुधवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना झिंझाना से पीजीआई चंडीगढ़ गए दरोगा देशपाल बालियान ने बताया कि शुभम के शव का चंडीगढ़ में ही पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। थाना प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि उक्त मामले में डंपर चालक अभी फरार है।