शामली। जनपद में माह जनवरी 2026 में 19 सड़क दुर्घटनाएं हुई, जिनमें दस लोगों की मौत हुई और 15 लोग गंभीर घायल हुए।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि जनपद में जनवरी माह में 19 सड़क दुर्घटनाएं हुई। इन दुर्घटनाओं में 10 लोगों की मृत्यु और 15 गंभीर रूप से घायल हुए। इन दुर्घटनाओं के कारण जाना गया तो सामने आया है कि अधिकांश घटनाओं में हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग न किया जाना, तेज व लापरवाही से वाहन संचालन और भारी व दुपहिया वाहनों द्वारा यातायात नियमों की अनदेखी मुख्य कारण रहे हैं। इनमें हेलमेट का प्रयोग न करने से तीन लोगों की मौत हुई, जबकि लापरवाही से वाहन संचालन से छह और ओवरलोड वाहन से हाईटेंशन लाइन टूटने के कारण एक व्यक्ति की मृत्यु हुई।
एसपी ने लोगों से सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य प्रयोग करने, चार पहिया वाहन में चालक व सभी यात्री सीट बेल्ट लगाने, तेज गति, गलत साइड एवं लापरवाही से वाहन न चलाए। इसके अलावा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, नशे की अवस्था में वाहन न चलाने, सड़क पार करते समय विशेष सतर्कता बरतने, बच्चों व बुजुर्गों पर विशेष ध्यान देने, वाहनों में मानक के अनुसार ही ऊंचाई व भार तक सामान लादने और रात में वाहन चलाते समय हेडलाइट, इंडिकेटर एवं रिफ्लेक्टर का सही प्रयोग करने की मांग की। एसपी ने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी सावधानी अपनी व अपने परिवार के जीवन की सुरक्षा कर सकती है।