गंदगी मिलने पर एनएचएम टीम ने जताई नाराजगी
शामली। नेशनल हेल्थ मिशन की लखनऊ से आई टीम ने मंगलवार को शामली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान लेबर रूम में गंदगी मिलने और डाक्टर के कमरे में प्राइवेट व्यक्ति के बैठे मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई तथा सुधार करने का निर्देश दिया।
मंगलवार दोपहर नेशनल हेल्थ मिशन के स्टेट आशा कोआर्डिनेटर बलराम तिवारी, आईईसी (प्रचार-प्रसार) इंचार्ज अरविंद त्रिपाठी शामली सीएचसी पहुंचे। यहां उन्होंने लेबर रूम, इमरजेंसी, पैथोलॉजी का निरीक्षण किया तथा ओपीडी में पहुंचकर मरीजों से बात की। मरीजों से यहां मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी पूछा। वहीं, लेबर रूम में गंदगी देखकर नाराजगी जताई, जबकि जननी सुरक्षा के लाभार्थियों को जांच करने से मना करने फटकार भी लगाई। इसके अलावा एक चिकित्सक के कमरे में प्राइवेट व्यक्ति बैठा मिलने पर उन्होंने आपत्ति जताई। वहीं, मरीजों के बेड पर चादरें गंदी मिली, जबकि साफ चादरें अलमारी में रखी हुई थीं। सीएचसी प्रभारी को निर्देश दिया कि परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। इसके बाद टीम थानाभवन सीएचसी में निरीक्षण के लिए रवाना हो गई। इस दौरान अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डाक्टर सुशील कुमार, डाक्टर केपी सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।