शामली। स्वतंत्रता दिवस को भारतीय जनता पार्टी भारत गौरव पर्व के रूप में मनाएगी। पार्टी पदाधिकारियों के निर्देश पर भाजपा युवा मोर्चा 17 अगस्त को शामली शहर में प्रभात फेरी निकालेगी।
इस संबंध में मंगलवार को भाजपा कार्यालय पर भाजयुमो के प्रदेश मंत्री रोहन त्यागी ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। शुभारंभ भारत मां एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। रोहन त्यागी ने युवा कार्यकर्ताओं को बताया कि भारतीय जनता पार्टी ने इस बार स्वतंत्रता दिवस को भारत गौरव पर्व के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसीलिए प्रत्येक जनपद मुख्यालय पर 17 अगस्त को सुबह सात बजे प्रभात फेरी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक पुनीत द्विवेदी ने बताया कि शामली में प्रभात फेरी अजंता चौक, कबाड़ी बाजार, गांधी चौक, शिव चौक से होते हुए हनुमान धाम पर पहुंचकर समाप्त होगी। कार्यक्रम संयोजक की जिम्मेदारी पुनीत द्विवेदी के साथ ही गुलबीर तोमर भी संभालेंगे। बैठक का संचालन डाक्टर अनुराग शर्मा ने किया। इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि कश्यप, ओबीसी मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित विश्वकर्मा, सचिन जैन, गोपाल चौहान, तेजश्वी पंवार, प्रमोद नामदेव, देवाशीष वर्मा, आशु नामदेव, गौरव गर्ग और अनुज गोयल आदि मौजूद रहे।