रोजगार मिला नहीं, किसान भी परेशान : यादव
शामली।
सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार को चार साल हो गए है। भाजपा ने घोषणा पत्र में हर वर्ष दो करोड़ नौजवानों को रोजगार देने की बात कही थी, जबकि रोजगार मिल नहीं पाए। वहीं, किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान भी लटका हुआ है।
बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने शामली में कैराना रोड स्थित एक रेस्टोरेंट पर प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। युवाओं को रोजगार मिले नहीं। जीएसटी और नोटबंदी कर लोगों का रोजगार भी छीन लिया। नोटबंदी के कारण काफी कंपनी बंद हो गई। देश के जवान सीमा पर मर रहे हैं, लेकिन सरकार पाकिस्तान से चीनी मंगा रही है। जबकि सपा सरकार में किसानों को समर्थन मूल्य बढ़ाया गया था और गन्ना भुगतान भी समय पर हुआ था। उन्होंने कहा कि लखनऊ मेट्रो, शामली बाईपास और गाजियाबाद के एलीवेटिड रोड सहित अनेक ऐसी परियोजनाएं हैं, जिनके फीते काटकर भाजपा वाले वाहवाही बटोर रहे हैं, जबकि वह परियोजनाएं सपा सरकार की है। उन्होंने कहा कि अगर चौधरी चरण सिंह की विरासत को बचाना है तो कैराना लोकसभा उपचुनाव में गठबंधन को जिताकर भाजपा को मुंहतोड़ जबाव देना होगा। इस दौरान एमएलसी संजय लाठर, पूर्व मंत्री बलराम यादव, एमएलसी सुनील साजन, कृष्णमूर्ति यादव, सौरभ यादव, हेमंत कुमार, मनीष चौहान, रजत देशवाल आदि मौजूद रहे। उधर, गांव भाज्जू में भी सपा नेताओं ने ओएसजीएस रामचंद्र इंस्टीट्यूट में सभा का आयोजन किया। उसमें सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा ने किसान, मजदूर, व्यापारी और नौजवान सबको धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में हर वर्ग त्रस्त है। इस दौरान ब्रिजेश यादव, विधायक नाहिद हसन, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह मलिक, बोबी प्रधान, भूरा प्रधान, वाजिद अली, सुधीर बंसल आदि मौजूद रहे।