कैराना लोकसभा सीट के उपचुनाव में प्रत्याशियों को चुनाव प्रचार से लेकर चुनाव कार्यालयों पर होने वाले खर्च का पूरा हिसाब किताब देना पड़ेगा। निर्वाचन आयोग ने चाय-समोसा, कुर्सी मेज और टेंट से लेकर सभी सामानों की दरें तय कर दी हैं। उन्हीं के अनुरूप चुनाव खर्च तय किया जाएगा।
राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इस संबंध में शामली जिला निर्वाचन अधिकारी को भी पत्र भेज दिया है, जिसमें राजनीतिक दलों द्वारा चुनाव प्रचार में प्रयुक्त होने वाली संभावित सामग्री की दरें बताई गई हैं। साथ ही निर्देश दिया गया है कि निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण समिति इन्हीं दरों के आधार पर चुनाव खर्च का निर्धारण करेगी। निर्वाचन प्रक्रिया में राजनीतिक दलों द्वारा की जाने वाली सभाओं, चुनाव कार्यालयों और अन्य प्रकार से किए जा रहे प्रचार पर समिति नजर रखेगी। जिसके बाद प्रत्याशियों की तरफ से दिए गए चुनाव खर्च के ब्यौरे का मिलान किया जाएगा।
आयोग की तरफ से निर्धारित दरें
लाउडस्पीकर, एम्पलीफायर का भाड़ा प्रतिदिन 1500 रुपये, चार से पांच व्यक्तियों के लिए पोडियम-पंडाल का किराया प्रतिदिन सात रुपये होगा। तोरण का किराया 1100 रुपये प्रतिदिन, होटल के कमरे का किराया 2000 से 4000 तक, फर्नीचर में कुर्सी 10 रुपये प्रति, सोफा 200 रुपये प्रतिदिन, तख्त 30 रुपये, दरी 25 रुपये, कालीन तीन रुपये प्रति फुट, वाटरप्रुफ पंडाल 280 रुपये वर्ग मीटर, गद्दे 30 रुपये प्रति, मेज 50 रुपये प्रति नग, टोपी-मफलर 30 रुपये होगी। वहीं, खरीदी जाने वाली सामग्री में कपड़े का बैनर 300 रुपये प्रति तीन मीटर, कपड़े का झंडा आठ रुपये प्रति नग, पोस्टर प्रति हजार 4500 रुपये, कच्चे हैलीपेड का निर्माण 5000 से 16500 रुपये और पक्का हैलीपेड डेढ लाख रुपये, टैंपो का भाड़ा ड्राइवर सहित 500 रुपये प्रतिदिन, ट्रक 1435 रुपये, 15 से 24 सीट वाली बस 1002 रुपये, 41 से 45 सीट वाली बस 1306 रुपये तथा इससे अधिक सीट वाली बस 1482 रुपये, कार 925 रुपये प्रतिदिन, सूमो/क्वालिस 1424 रुपये, थ्री व्हीलर 600 रुपये, साइकिल और रिक्शा 300 रुपये तथा बैटरी रिक्शा 400 रुपये प्रतिदिन होगा। इसके अलावा चाय 10 रुपये, समोसा 10 रुपये, हल्का नाश्ता 20 रुपये, जलपान 20 रुपये, कोल्ड ड्रिंक्स 15 रुपये, भोजन पैकेट 55 रुपये प्रति नग, नॉनवेज भोजन 150 रुपये प्रति नग, स्पेशल होटल या ढाबे में भोजन प्रति व्यक्ति 250 रुपये, सामान्य होटल में 80 रुपये प्रति व्यक्ति, एक मीटर लंबाई वाली गुलाब के फूल की माला 200 रुपये, गेंदा फूल माला 25 रुपये, मिश्रित फूल माला 65 रुपये प्रति नग होगी।