आरके इंटर कॉलेज में चल रही तहसील स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया। अंतिम दिन विभिन्न कॉलेजों की छात्र छात्राओें ने अलग अलग स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा दिखाई। विजेताओं को सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन बालिकाओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा। जिसमें पांच किमी में दौड़ में हिंदू कन्या शामली की शिवानी, तीन किमी में जैन कन्या शामली की आसमीन प्रथम रही। 1500 मीटर में हिंदू कॉलेज की प्रीति और जैन कन्या की आसमीन विजेता रही। 400 मीटर में सनातन धर्म संस्कृत कॉलेज लांक की राखी प्रथम, देवी उमराकौर बनत की प्राची विजेता रही। तश्तरी फेक में हिंदू कन्या की सपना, भूमि, सिमरन, सपना, मनु और जैन कन्या से रिक्की, समीना, आशु, नीलम विजेता रही। भाला और गोला फेंक में केकेजीएस भैंसवाल की सलोनी विजेता रही। वहीं बालक वर्ग में ट्रिपल जंप में आरके शामली का सूरज, वीवी कॉलेज का विकास और महर्षि इंटर कॉलेज नाला का सुमित विजेता रहा।
ऊंची कूद में भी वीवी कॉलेज, आरके कॉलेज और महर्षि कॉलेज नाला का ही दबदबा रहा। भाला फेंक में वीवी, आरके व आदर्श इंटर कॉलेज मुंडेट अव्वल रहे। 3000 और 1500 मीटर दौड़ में जुनैद, नितिन, सुमित, दीपक ,विकास और शोएब विजेता रहे। डिस्कस थ्रो में तोपिक, सुमित, आस मोहम्मद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 200 और 400 मीटर में जनता इंटर कॉलेज बाबरी, सत्यनारायण शामली, सरस्वती शामली, ब्रिगेडियर शामली का कब्जा रहा। कॉलेज प्रधानाचार्य लोकेंद्र कुमार ने सभी विजेता छात्र छात्राओं को बधाई देते हुए सम्मानित किया। बताया कि अब 21 सितंबर से कॉलेज में ही तीन दिवसीय जिला स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता आयोजित होगी। इस दौरान पुष्पेंद्र, सत्येंद्र वर्मा, नबाव सिंह, दिनेश कुमार, नरेशपाल, संजीव, लोकेश शर्मा, अरुण आदि मौजूद रहे।