स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को कांधला और थानाभवन सीएचसी के अंतर्गत आने वाली पीएचसी और टीबी अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई खामियां मिली। कहीं स्टाफ नदारद मिला तो कही साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं मिली।
एसीएमओ डा. सफल कुमार ने सबसे पहले लिसाढ़ पीएचसी का निरीक्षण किया, जहां पर स्टाफ मिला और दवाईयां उपलब्ध मिली। इसके बाद फुगाना पीएचसी पर पहुंचे, जहां डाक्टर बिजेंद्र कुमार नहीं मिले। जानकारी की गई तो पता चला कि उनकी 28 और 29 अगस्त कांधला सीएचसी पर ड्यूटी लगी हुई है। उन्होंने सफाई के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। यहां से गांव राजपुर छाजपुर स्थित पीएचसी पहुंचे, जहां कई खामियां मिली। वहां एएनएम आरती अनुपस्थित मिली जबकि फार्मेसिस्ट उर्वशी की 24 जुलाई से बिना कारण के गैर हाजिर मिली। इस संबंध में एसीएमओ ने प्रभारी डाक्टर विजय राणा से रिपोर्ट तलब की।
इसके अलावा एसीएमओ डा. सुशील कुमार ने बाबरी पीएचसी का निरीक्षण किया, जहां पर पूरा स्टाफ तैनात मिला, लेकिन सफाई की समस्या मिली। इसके संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। उन्होंने हिंड स्थित टीबी अस्पताल का निरीक्षण किया और वहां काम कर रहे एलटी से समस्याएं सुनी। इसके बाद वह बनत में निर्माणाधीन पीएचसी पहुंचे और कार्य की प्रगति जानी। उन्होंने इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।