कैराना। गणपति सेवा समिति के बैनरतले तीन दिवसीय गणेश महोत्सव की शुरूआत 30 वें विशाल जागरण के साथ की गई। जागरण में भगवान गणेश के भजनों पर बाहर से आए भजन सम्राटों भजन गाकर सभी को झूमने को मजबूर कर दिया।
शुक्रवार की रात नगर के मोहल्ला गुंबद में गणपति सेवा समिति द्वारा तीन दिवसीय गणेश महोत्सव पर 30 वें जागरण का आयोजन कराया गया। जागरण में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब आदि राज्यों से आए कलाकारों ने सुंदर सुंदर भजन सुनाकर समा बांध दिया। जागरण में शामली के कलाकार पंडित अजय पाठक ने सबसे पहले गणेश वंदना सुनाकर जागरण की शुरूआत की। इसके बाद दिल्ली से आए सार्थक साबरी ने बाबा मोरया रे, सुनाये तो वहीं शिवानी जैन ने सत्यम शिवम् सुंदरम आदि भजन सुनाकर भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा हरियाणा के पानीपत से आए सुरेंद्र आहुजा ,मास्टर आशीष, कुमार विशाल मुजफ्फरनगर आदि कलाकारों ने अपनी-अपनी प्रस्तुती पेश की। इस दौरान जागरण में राधा-कृष्ण एवं शिव-पार्वती की मनमोहक झांकी आकर्षण का केंद्र बनी रही। थानाभवन से आए कथावाचक राकेश उपाध्याय ने माता तारा रानी की कथा सुनाई। शनिवार सुबह महाआरती के पश्चात प्रसाद वितरित किया गया। जागरण प्रारंभ होने से पूर्व कैराना कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने भगवान गणेश जी के समक्ष दीप प्रज्वलित किया।