शामली/ कैराना/ ऊन। जिलेभर में आयोजित तहसील दिवस में फरियादियों की भीड़ उमड़ पड़ी। कैराना, ऊन एवं शामली में आयोजित तहसील दिवस में 110 शिकायतों में मात्र नौ शिकायतों का निस्तारण किया गया। कलक्ट्रेट में आयोजित तहसील दिवस में डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने बीडीओ शामली को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित तहसील दिवस में डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने फरियादियों की शिकायतों को सुनकर उनका निस्तारण किया। उन्होंने कहा कि समयावधि में अधिकारी फरियादियों की शिकायतों का निस्तारण करे। उन्होंने राशनकार्डों की सत्यापन रिपोर्ट, राशन की दुकानों का नियत तिथि पर चयनित न करने पर नाराजगी प्रकट की है। काम के प्रति लापरवाही करने पर शामली बीडीओ के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्ट दिए जाने के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर 55 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें सात का मौके पर निस्तारण किया गया।
कैराना तहसील में एडीएम शिवबहादुर सिंह की अध्यक्षता में तहसील दिवस में जनसमस्याओं की सुनवाई की गई। इस मौके पर 25 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें एक शिकायत का निस्तारण किया गया। इस अवसर पर एएसपी जगदीश शर्मा, एसडीएम कैराना विजय प्रकाश तिवारी आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
ऊन में तहसील दिवस में एसडीएम ऊन दुष्यंत कुमार मौर्य ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। 40 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें एक शिकायत का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।
प्रभारी मंत्री 18 अगस्त को आएंगी
शामली। बेसिक शिक्षा बाल विकास एवं पुष्टाहार राजस्व एव प्रभारी मंत्री अनुपमा जायसवाल 18 अगस्त को को सुबह 11.15 बजे कलक्ट्रेट सभाकक्ष में पहुंच कर जिले के जनपदीय अधिकारियों के साथ बैठक लेकर कार्यों की समीक्षा करेंगी।