तेज हवाओं और बारिश के कारण साढ़े तीन घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। औद्योगिक क्षेत्र के 220 के केवी बिजलीघर से लेकर कैराना तक आठ बिजली के खंभे क्षति ग्रस्त हो गए। मध्य रात्रि के बाद शहर एवं कैराना क्षेत्र की बाधित बिजली आपूर्ति को चालू किया गया।
सोमवार की शाम छह बजे बारिश और तेज हवाओं से औद्योगिक क्षेत्र 220 केवी कंडेला बिजलीघर से कैराना जा रही विद्युत लाइन के आठ खंभे क्षतिग्रस्त हो गए थे। इससे रात्रि करीब आठ बजे से लेकर मध्यरात्रि साढ़े बारह बजे तक आपूर्ति ठप रही। बरसात के कारण कई गांवों में पूूूरी रात बिजली गुल रही। इससे ग्रामीणों का अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार सिंह ने बताया कि बिजली आपूर्ति को मध्य रात्रि तक खंभों और लाइनों को ठीक कर आपूर्ति को चालू कर दिया गया था। जिन बिजलीघरों में देर रात में कार्य नहीं हो पाया वहां सुबह होते ही बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई।
पीपी सिंह बने अधीक्षण अभियंता
शामली। विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार सिंह का तबादला इसी पद पर मेरठ हो गया है। मुुरादाबाद जिले से तबादले पर आए पीपी सिंह शामली के नए अधीक्षण अभियंता होंगे। 13 जुलाई 2016 को अशोक कुमार सिंह मुजफ्फरनगर जिले से तबादले पर आए थे। वह एक साल से ज्यादा समय तक शामली में अधीक्षण अभियंता रहे है।