35 बूथों पर 1726 लोगों को लगे टीके
शामली। जिले में कोरोनारोधी वैक्सीन का टीकाकरण अभियान में लक्ष्य के सापेक्ष 34.52 प्रतिशत टीकाकरण हुआ। 5000 के लक्ष्य के सापेक्ष 1726 लोगों को वैक्सीन के टीके लगाए गए।
शनिवार को जिले में 35 बूथों पर टीकाकरण किया गया। इनमें रेलवे अस्पताल, कुड़ाना सीएचसी, पीएचसी बनत, पीएचसी लांक, पीएसची बहावड़ी, पीएचसी गोहरनी, पीएचसी बुटराड़ा और पीएचसी सिलावर में कोवैक्सीन के टीके लगाए गए, जबकि सीएचसी शामली समेत 27 बूथों पर कोविशील्ड वैक्सीन के टीके लगाए गए। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरके सागर ने बताया कि सभी 35 बूथों पर 5000 लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया, जिनमें 1067 लोगों ने पहली डोज का टीका लगवाया, जबकि 659 लोगों को दूसरी डोज के टीके लगे हैं। कुल 1726 लोगों को टीके लगाए गए। इस तरह से जिले में लक्ष्य के सापेक्ष 34.52 प्रतिशत टीकाकरण हुआ है। टीकाकरण में 177 वॉयल खर्च हुई है।