आचार संहिता के उल्लंघन पर प्रत्याशी के खिलाफ भी होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। कैराना लोकसभा चुनाव के सामान्य प्रेक्षक गोरखनाथ ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित आदर्श आचार संहिता का सभी राजनैतिक दल एवं उनके प्रतिनिधि कड़ाई से पालन करें। यदि किसी भी प्रत्याशी या उसके एजेंट अथवा समर्थक द्वारा आचार संहिता का उल्लंघन किया गया, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। चाहे वह व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में कैराना लोकसभा चुनाव के सामान्य प्रेक्षक गोरखनाथ ने राजनैतिक दलों के प्रत्याशियों व उनके प्रतिनिधियों ने बैठक लेकर कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के मंशानुरूप भयमुक्त वातावरण में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है, इस लिए यदि कोई भी व्यक्ति आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करते पाया गया, तो उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई भी कार्य लिखकर, बोलकर अथवा किसी प्रतीक के माध्यम से नहीं करेंगे, जिससे किसी धर्म, मजहब, संप्रदाय जाति या सामाजिक वर्ग एवं राजनैतिक दल उम्मीदवार कार्यकर्ताओं की भावना अहत हो या उससे विभिन्न वर्गों दलों व्यक्तियों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो, तो मत प्राप्त करने के लिए जाति, संप्रदाय और धार्मिक भावनाओं का परोक्ष या अपरोक्ष रूप से सहारा नहीं दिया जाएगा। पूजा स्थलों जैसे मंदिर, मस्जिद, गिरजाघर व गुरुद्वारा आदि का उपयोग निर्वाचन में प्रचार हेतु तथा निर्वाचन संबंधी अन्य कार्य हेत नहीं किया जाएगा। मतदाता को रिश्वत देकर या डरा धमका कर या आतंकित करके अपने पक्ष में मत देने के लिए प्रभावित करना तथा चुनाव की प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार का आचार संहिता का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर डीएम अखिलेश सिंह ने कहा कि घर-घर वोट मांगने हेतु भीड़ लेकर घूमना आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एसपी अजय कुमार, एडीएम आनंद कुमार शुक्ला, भाजपा की ओर से प्रसन्न चौधरी, सपा से मनोज राणा, कांग्रेस से दीपक सैनी, भारतीय राष्ट्र डेमोक्रेटिक पार्टी से शेषराज, आपकी अपनी पार्टी से मनोज कुमार, महा संकल्प जनता पार्टी से मुकेश देवी, सर्वजन लोक शक्ति पार्टी से श्रीपाल सिंह, इमरान निर्दलीय, हरीश कुमार आदि मौजूद रहे।