निर्माण कार्य अधूरा मिलने पर डीएम ने जताई नाराजगी
ऊन। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने शनिवार को नवनिर्मित ऊन तहसील भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को निर्देश दिया कि 15 अगस्त से पहले निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए। वहीं उन्होंने नवनिर्मित तहसील परिसर में पौधरोपण किया।
शनिवार को जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने नवनिर्मित ऊन तहसील के भवनों का निरीक्षण किया। कुछ स्थानों पर खिड़की, दरवाजों व टाइल आदि में सफाई और टूटी हुई बाउंड्री देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने ठेकेदार को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त को नवनिर्मित तहसील भवन में ही ध्वजारोहण कराया जाएगा। इस दौरान एसडीएम कृष्णपाल तोमर, तहसीलदार चंद्रकांता, प्रोजेक्ट मैनेजर संदीप कुमार, सहायक अभियंता दिनेश सिंघल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
अब्बास बने रालोद के ऊन ब्लाक अध्यक्ष
चौसाना। गांव बल्ला मजरा निवासी अब्बास प्रधान को रालोद का ऊन ब्लाक अध्यक्ष मनोनीत किया गया। उनके मनोनयन पर क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई है। अब्बास प्रधान ने बताया कि बिजली की बढ़ी दरों के खिलाफ होने वाले पोल खोल धावा बोल कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं को साथ लेकर बिजलीघर पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। रालोद नेता सनोज टोडा, देवेन्द्र तोमर, अरविंद आदि ने भी धरना प्रदर्शन की सफलता का आह्वान किया है।