नशा मुक्ति केंद्र के चौकीदार को धक्का देकर भागे कई मरीज
शामली। दिल्ली रोड पर स्थित नशा मुक्ति केंद्र से इलाज के लिए भर्ती कई मरीज चौकीदार को धक्का देकर फरार हो गए। इससे नशा मुक्ति केंद्र संचालकों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे नशा मुक्ति केंद्र संचालक ने फरार मरीजों के परिजनों को सूचना दे दी। उधर, कोतवाली पुलिस इस तरह की जानकारी से इंकार कर रही है।
दिल्ली रोड पर स्थित एक नशामुक्ति केंद्र विभिन्न इलाकों से 28 मरीजों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। बताया जाता है कि पिछले कई दिनों पूर्व नशामुक्ति केंद्र के संचालक रामनिवास को हादसे में चोट लग गई थी। उसकी गैरमौजूदगी में उसका बेटा फिलहाल केंद्र को संभाल रहा था। मंगलवार को उसका बेटा भी अपने घर चला गया था। नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक मरीज ने बताया कि सोमवार की देर रात गेट कीपर को किसी ने बाहर से आवाज लगवाकर गेट खुलवाया। जब उसने गेट खोला तो केंद्र में से एक दर्जन मरीज गेट कीपर को धक्का देकर फरार हो गए। गेट कीपर ने इसकी सूचना नशा मुक्ति केंद्र संचालक को सूचना दी, जिसके बाद मंगलवार को वह केंद्र पर पहुंचा और मामले की जांच की। उन्होंने इसकी सूचना परिजनों को भी दी। नशा मुक्ति केंद्र संचालक रामनिवास का कहना है कि उनके यहां से मरीज भागे नहीं है, बल्कि तीन-चार मरीज बिना बताए चले गए हैं, जिसकी सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। उधर, कोतवाली प्रभारी जेएस कालरा का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। यदि कोई तहरीर आती है तो मामले में कार्रवाई की जाएगी।