शामली। कैराना लोकसभा सीट के उपचुनाव में मुस्लिम मतदाताओं को लुभाने के लिए भाजपा ने अल्पसंख्यक मोर्चा को भी लगा दिया है। मोर्चा के क्षेत्रीय संयोजक कुंवर बासित अली और जमात उलमा ए हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुएब कासमी ने शामली में पहुंचकर कई गांव के प्रधान और पूर्व प्रधानों को भाजपा में शामिल करा दिया।
शुक्रवार को कैराना रोड स्थित सिल्वर बेल्स स्कूल में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की बैठक हुई। इस दौरान सुएब कासमी ने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार ने मुस्लिमों के हित में बहुत कार्य किए हैं। सबका साथ सबका विकास के नारे पर कार्य हो रहा है। मुस्लिम समझ चुका है कि जातिवाद की राजनीति में नहीं फंसना है। 2019 में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। क्योंकि पीएम मोदी ने सभी को सम्मान दिया है और विदेशी ताकतें भारत से घबराई हुई हैं। वहीं, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के क्षेत्रीय संयोजक एवं उर्दू अकादमी के सदस्य कुंवर बासित अली ने कहा कि हर प्रदेश में मुस्लिमों का रुझान भाजपा के प्रति बढ़ा है। क्योंकि सरकारी योजनाओं में धर्म या जाति के नाम पर भेदभाव नहीं होता है। जबकि कांग्रेस ने मुस्लिमों का कोई भला नहीं किया।
भाजपा ने मदरसों में दुनियावी तालीम को बढ़ाया है, कंप्यूटर, विज्ञान की शिक्षा दिलाई जा रही है। समाज की तरक्की शिक्षा से ही होती है। शौचालय निर्माण के लिए सबसे ज्यादा पैसा मुस्लिम बस्तियों में पहुंचा। इस दौरान जब्बार राणा प्रधान, इरशाद पूर्व प्रधान, जाहिद प्रधान, कुर्बान बीडीसी, अलीशेर पूर्व प्रधान, मुरसलीन प्रधान के पति, वहाब सोंता रसूलपुर, शमशाद भैंसानी, शहजाद चौसाना, खलील प्रधान, राव शादान, यासीन, इस्लाम प्रधान, माजिद जंग और आरिफ हवारी मौजूद रहे।