ऑनलाइन सॉफ्टवेयर से बनेगी मनरेगा की कार्ययोजना
शामली। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि मनरेगा योजना के तहत सभी परियोजना के आगणन/प्राकलन अब ऑनलाइन किए जाने हैं। उसके लिए केंद्र सरकार द्वारा तैयार कराए गए सिक्योर सॉफ्टवेयर से कार्य कराया जाएगा। एक अप्रैल से यह व्यवस्था लागू हो जाएगी।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में मनरेगा योजना तहत सिक्योर सॉफ्टवेयर को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने मनरेगा कार्यदायी विभाग, तकनीकी सहायक, अवर अभियंता, सहायक अभियंता, अधिशासी अभियंता, खंड विकास अधिकारी, लेखाकार, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं अन्य तकनीकी अधिकारी और कर्मचारियों से कहा कि साफ्टवेयर की पूरी जानकारी प्राप्त कर लें। डीआरडीए के सहायक अभियंता दिनेश कुमार, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी चेतन कुमार, तकनीकी सहायक प्रदीप कुमार ने प्रोजेक्टर से प्रशिक्षण दिया। इस दौरान राजेंद्र प्रसाद सहायक लेखाकार मनरेगा, सहायक अभियंता पीडब्लूडी ललित कुमार, डाक्टर पंकज कुमार, डाक्टर विपिन राठी मनरेगा कार्यदायी विभाग विकास खंड के तकनीकी सहायक, अवर अभियंता, सहायक अभियंता, अधिशासी अभियंता समस्त खण्ड विकास अधिकारी, लेखाकार, कम्प्यूटर ऑपरेटर एवं अन्य तकनीकी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।