माफिया बख्शे नहीं जाएंगे : एसपी
कैराना।
एसपी देवरंजन वर्मा ने कहा कि जिले में अवैध धंधों में लिप्त माफिया और अपराधी बख्शे नहीं जाएंगे।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में तहसील सभाकक्ष में जिले के आठों थानों की पुलिस, एलआईयू, स्पेशल ब्रांच, क्राइम ब्रांच व पुलिस उपाधीक्षकों की परिचय एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इससे पूर्व, पत्रकार वार्ता में एसपी देवरंजन वर्मा ने कहा कि पुलिस अपराधियों से निपटने में सक्षम हैं। अपराधों पर नियंत्रण किया जाएगा। शामली सहित जिले के अन्य शहरों में ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए कार्ययोजना बनाई जाएगी। एसपी देवरंजन वर्मा ने कहा कि कैराना कभी अपराधियों के खौफ, रंगदारी व हत्याओं और पलायन प्रकरण को लेकर पूरे देश में सुर्खियों में रहा। पुलिस जनता को शांतिपूर्ण एवं बेखौफ वातावरण देने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने करीब डेढ़ घंटे बंद कमरे में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। एसपी ने पुलिस को फरियादियों एवं पीड़ितों से शिष्टाचार अपनाने, कानूनी कार्रवाई और उसका अनुपालन करने के लिए निर्देश दिए। इस दौरान सीओ कैराना विजय प्रकाश तिवारी, सीओ सिटी शामली अशोक कुमार सिंह, सीओ थानाभवन वीरपाल सिंह, कोतवाली कैराना प्रभारी भगवत सिंह, शामली कोतवाली प्रभारी अवनीश गौतम, आदर्शमंडी थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा, झिंझाना थाना प्रभारी संदीप बालियान, कांधला थाना प्रभारी ओपी चौधरी, क्राइम ब्रांच प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार, बाबरी थाना प्रभारी पंकज गौतम, गढीपुख्ता थाना प्रभारी ओमप्रकाश, थानाभवन थाना प्रभारी कृष्ण कुमार आदि पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पुलिस को दिया दंगा नियंत्रण का प्रशिक्षण
कैराना। पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा ने जनपद के पुलिसकर्मियों की बैठक लेने के पश्चात अधीनस्थ अधिकारियों की मौजूदगी में तहसील प्रांगण में पुलिसकर्मियों कोे आपातकालीन स्थिति में लाठीचार्ज करने के नियम तथा पुलिसकर्मियों के बचाव के गुर सिखाए। इसके बाद, पुलिस अधीक्षक ने तहसील मुख्यालय से पब्लिक इंटर कॉलेज तक पुलिसकर्मियों से फ्लैग मार्च निकलवा कर कॉलेज के मैदान में दंगा नियंत्रण के लिए पुलिसकर्मियों कोे प्रशिक्षण दिया, जहां उन्होंने पुलिसकर्मियों को दंगाइयों से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।