शामली। मायापुर फार्म हाउस पर पूर्व सांसद हुकुम सिंह की श्रद्धांजलि सभा के दौरान दिग्गज नेताओं के पहुंचने के कारण सुरक्षा को लेकर पुलिस भी सतर्क रही। जगह-जगह बैरियर लगाए गए, जहां पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे।
कैराना क्षेत्र के मायापुर फार्म हाउस पर बुधवार को श्रद्धांजलि सभा हुई। उसमें प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के अलावा कई केबिनेट मंत्री और राज्य मंत्रियों के साथ ही सांसद, विधायक, पूर्व सांसद और पूर्व विधायकों सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और उनके समर्थक पहुंचे थे। इसके चलते पुलिस को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पड़े। पुलिस प्रशासन ने कैराना में विजय सिंह पथिक महाविद्यालय और पब्लिक इंटर कॉलेज के मैदान पर हेलीपेड भी बनाए थे। कैराना हेलीपेड से लेकर मायापुर फार्म हाउस तक रास्ते पर करीब तीन जगह बैरियर लगाए गए, ताकि नेताओं का काफिला गुजरने के दौरान रास्ते पर भीड़ ना आ सके। इसके अलावा शामली-कैराना मार्ग से मायापुर मोड़, फिर कैराना से मायापुर जाने वाले मार्ग पर रजबाहे की पुलिया और मायापुर फार्म हाउस पर के बाहर भी बैरियर लगाए गए थे। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर पुलिस के अलावा पीएसी भी तैनात रही। नेताओं के पहुंचने का अलग मार्ग बनाया गया था जबकि आम लोगों के पहुंचने के लिए अलग रास्ता था। उन दोनों ही रास्तों पर मेटल डिटेक्टर मशीनें भी लगाई गई थी। इसके अलावा पुलिस और खुफिया विभाग की टीम कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों पर नजर बनाए हुए थी।
सुरक्षा इंतजाम को लेकर जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह और पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजयपाल शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक जगदीश शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी रेनू तिवारी, एसडीएम सुरजीत सिंह, विनोद कुमार सिंह, दुष्यंत कुमार मौर्य सहित सीओ राजेश तिवारी, सीओ एके सिंह और वीरपाल सिंह भी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे।
वाहनों की अधिकता के कारण लगा जाम
मायापुर फार्म हाउस के सामने ही बाग के पास पार्किंग स्थल बनाया गया था। वहां वाहनों की अधिकता के बाद लोगों ने अपने वाहन सड़क पर ही खड़े करने शुरू कर दिए। इसके चलते कुछ देर के लिए मायापुर रजबाहे की पटरी पर ट्रैफिक जाम भी हो गया। बाद में जब उपमुख्यमंत्री और मंत्रियों का काफिला चला गया तथा सड़क पर खड़े वाहन हटवा दिए गए तब जाकर यातायात सुचारु हो सका था।