यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर परिषद की पूरी तैयारी चल रही है। डीआईओएस कार्यालय पर प्रश्नपत्र पहुंच चुके हैं। सभी प्रश्नपत्रों को डबल लॉक में रखवा दिया गया है। वहीं, सुरक्षा की दृष्टि से 24 घंटे नजर रखने के लिए पुलिस व्यवस्था भी कर दी गई है। हालांकि अभी तक जनपद में कापियां नहीं पहुंच सकी है। ऐसा पहली बार हुआ है कि कापियों से पहले प्रश्नपत्र पहुंच गए हैं।
छह फरवरी से प्रारंभ होने वाली हाईस्कूल और इंटर की यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर बोर्ड पूरी तेजी से कार्य कर रहा है। रविवार को दोपहर तीन बजेे वीवी इंटर कॉलेज स्थित डीआईओएस कार्यालय मेें बोर्ड ने प्रश्नपत्र भेज दिए हैं, जबकि अभी तक जनपद में कापियां नहीं पहुंच सकी है। अब से पहले हमेशा बोर्ड द्वारा पहले कापी और बाद में प्रश्नपत्र भेजे जाते रहे हैं, जबकि अन्य जनपदों में लगभग सभी जगह कापी पहुंच चुकी है। सभी प्रश्नपत्रों को वीवी इंटर कॉलेज में ही भूगोल प्रयोगशाला में डबल लॉक के अंदर रखवा दिया गया है। डबल लॉक लगाने के बाद तालों पर सील लगा दी गई है। कार्यवाहक जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि सुबह ही बोर्ड से प्रश्नपत्रों के भेजने की सूचना कार्यालय को प्राप्त हुई थी, जिसके तुुरंत बाद प्रश्नपत्रों की सुुरक्षा को लेकर सुबह ही एसपी अजयपाल शर्मा को पत्र भेजकर दो पुलिस कांस्टेबल की व्यवस्था कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि बिजली की व्यवस्था कर दी गई है। दोनों पुलिस कांस्टेबल 24 घंटे प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्रों को परीक्षा प्रारंभ होने से एक सप्ताह पहले ही सुरक्षा के साथ सभी परीक्षा केंद्रों पर भिजवा दिया जाएगा। वहीं, उत्तर पुस्तिकाएं भी मंगलवार तक पहुंचने की उम्मीद है। यह सभी उत्तर पुस्तिकाएं संकलन केंद्र आरके इंटर कॉलेज में रखवाई जाएगी।