सौभाग्य योजना के तहत आज से लगेंगे बिजलीघरों पर कैंप
शामली। केंद्र सरकार ने घर-घर बिजली पहुंचाने के लिए सौभाग्य योजना प्रारंभ की है। इसका शुभारंभ रविवार से सभी जनपदों में होगा। बिजली से वंचित लोगों को फ्री में बिजली कनेक्शन दिया जाएगा। सभी बिजलीघरों पर कैंप लगाकर बिजली कनेक्शन दिए जाएंगे।
शनिवार को अधीक्षण अभियंता सुनील कपूर ने बताया केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना सौभाग्य का शुभारंभ रविवार से होने जा रहा है। गांव दर गांव बिजलीघरों पर कैंप लगाकर निशुल्क बिजली कनेक्शन दिया जाएगा। सरकार ने सभी बीपीएल और एपीएल उपभोक्ताओं को बिल्कुल नि: शुल्क कनेक्शन दिया जाएगा। वहीं, अन्य उपभोक्ताओं को उनके बिल के साथ हर माह 50 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से 10 आसान किस्तों में 500 रुपये चुकाने होंगे। इसके साथ ही गरीब उपभोक्ताओं को बिजली कनेक्शन के साथ में मीटर, सर्विस केबल, नौ वाट का एलईडी बल्ब, 2 स्विच व एक साकेट निशुल्क दिया जाएगा।
कनेक्शन लेने के लिए जरूरी प्रमाणपत्र
सभी उपभोक्ताओं को अपना अपना एक पासपोर्ट साइज का फोटो व आईडी के रूप में आधार कार्ड, वोटर कार्ड, राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पेन कार्ड में से कोई भी एक आईडी लेकर कनेक्शन ले सकते है।