कैराना (शामली)।
पानीपत रोड पर बाईपास के निकट चावल से लदे ट्रक और पापुलर लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई, ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे रेफर कर दिया गया।
रविवार रात 11:30 बजे पानीपत रोड पर बाईपास से आगे पानीपत की ओर से आ रहे ट्रक की विपरीत दिशा से जा रही पापुलर लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर हो गई। हादसे में ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई और ट्रक का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल ट्रैक्टर चालक सुखपाल निवासी गांव टिटौली थाना आर्दशमंडी शामली को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जबकि ट्रक चालक रोकी (21) निवासी गांव ढाचर थाना निसंग जिला करनाल हरियाणा बुरी तरह घायल होकर सीट के बीच में फंस गया।
पुलिस ने जेसीबी मशीन को बुला कर ट्रक का आगे का हिस्सा तोड़ कर आधा घंटे के बाद रोकी को ट्रक से बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डाक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। साथ ही गंभीर रूप से घायल ट्रैक्टर चालक सुखपाल को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक रोकी के शव का पंचनामा भर कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी धर्मेेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि मृतक रोकी के पिता जगदीश चंद की तहरीर पर ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।