बीमार बच्चे को डॉक्टर के पास शामली ले जा रहे दंपति की बाइक शामली रोड पर कार से टकरा गई। हादसे में बच्चे की मौत हो गई, जबकि दंपति घायल हो गए। सूचना पहुंची पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया और कार को कब्जे में ले लिया। दोनों पक्षों के बीच समझौता होने पर दंपति बिना पुलिस कार्रवाई के ही बच्चे के शव को अपने साथ ले गए।
कैराना क्षेत्र के गांव सहपत निवासी राजा का तीन माह का बेटा राजन पिछले कई दिनों से बीमार चल रहा था। रविवार रात करीब नौ बजे बच्चे की हालत ज्यादा खराब होने पर कैराना के डॉक्टरों ने उसे जवाब दे दिया। राजा पत्नी शालू और बेटे को लेकर बाइक से शामली डॉक्टर से पास जा रहा था। शामली रोड पर झल्लू के होटल के पास विपरीत दिशा से आ रही कार से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों सड़क पर जा गिरे। हादसे की सूचना पर यूपी डायल -100 पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लेते हुए घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने तीन माह के राजन को मृत घोषित कर दिया। राजा और शालू का उपचार किया गया। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता होने पर राजा बिना पुलिस कार्रवाई के बेटे के शव को अपने साथ ले गया। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।