वेलेंटाइन डे पर किया प्रेम का इजहार
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। बृहस्पतिवार को हर किसी ने अपने अपने अंदाज में वेलेंटाइन डे मनाया। किसी ने बेटी तो किसी ने बहन को पुष्प भेंट किया। किसी ने मम्मी को उनकी पसंदीदा डिश बनाकर खिलाई। पतंजलि योग पीठ ने इसे माता पिता सम्मान दिवस के रूप में मनाया। प्रेमी युगल ने भी गुपचुप ढंग से प्यार का इजहार भी किया। पुलिस भी अलर्ट रही। कई जगहों पर युवकों से पूछताछ हुई।
बेटी ने दिया फूल
बड़ा बाजार निवासी श्वेता ने अपनी मम्मी वीना गोयल को पुष्प भेंट किया। श्वेता ने बताया कि उनकी मम्मी उन्हें पूूूरा सपोर्ट करती हैं। पढ़ाई से लेकर उसकी कोचिंग और हर जरूरतों का बखूबी ध्यान रखती हैं। वे उनकी आदर्श हैं। उन्हीं के साथ उसने ये दिन सेलीब्रेट किया है।
मम्मी से हर बात शेयर करती हूं
खुशी ने भी अपनी मम्मी श्ववेता जिंदल के साथ इसे मनाया। खुशी का कहना था कि उसकी मम्मी ने उन्हें पूरा सहयोग दिया है। उन्होंने अपने पसंदीदा विषय चुनने पढ़ाई का वक्त तय करने की पूरी छूट दी। वो भी अपनी मम्मी से हर बात शेयर करती है। उन्हें पुष्प देकर खुशी का इजहार किया।
सासू मां के लिए स्वादिष्ट व्यंजन बनाई
माजरा रोड निवासी स्वाति ने बताया कि उसने अपनी सासू मां के साथ इसे मनाया। शाम को उनके लिए उनकी पसंद के सांभर डोसे घर पर बनाकर खिलाए। उनके पति राघव को भी ये काफी पसंद हैं। पूरी फैमिली ने शाम को एक साथ बैठकर डिनर किया।
पतंजलि योग समिति ने मनाया माता पिता सम्मान दिवस
पतंजलि योग समिति ने शहर के बड़ा बाजार स्थित गंगा मंदिर में माता पिता सम्मान दिवस मनाया। योग समिति की प्रभारी डॉक्टर कुमुद शर्मा की माता रुक्मिणी देवी गौतम ओर मौसी इंदिरा देवी सारस्वत को पुष्पमाला समर्पित कर उनका सम्मान किया गया। उनकी पुत्रवधू अनुपमा और पुत्र अनुज गौतम ने उनका सम्मान किया। वीणा अग्रवाल ने कहा कि वेलेंटाइन डे पर अपने बड़े बुजुर्गों का सम्मान करना चाहिए। इस मौके पर आंचल, रुपाली, महिला, रविता, ओमवती, राजबाला, वैशाली, ऋतु, राधे, रविता, महिमा, क्षमा, पूनम, शिप्रा, भावना, संगीता, सुरभि, नीलम, वीना, पिंकी, मीनाक्षी, मंजू, खुशी, प्रिया, वंशिका, आदि शामिल रही।
जिले में सुरक्षा के रहे पुख्ता बंदोबस्त
शामली। वेलेंटाइन डे पर विरोध-प्रदर्शन की आशंका को लेकर पुलिस सतर्क बनी रही। होटल, रेस्टोरेंट और पार्कों पर पुलिस की नजर रही। हनुमानधाम पर घूम रहे युवकों से पुलिस ने पूछताछ की। उधर, रेलवे माल गोदाम के पास युवती ने फूल देने का प्रयास करने पर युवक को तमाचा जड़ा।
बृहस्पतिवार को वेलेंटाइन डे पर डीजीपी के निर्देश पर जिले में पुलिस अलर्ट रही। शहर के होटल रेस्टोंरेट पर पुलिस का पहरा रहा।एसपी अजय कुमार ने सहमति और शालीनता से किसी जगह बैठे हुए या घूमते हुए युगलों को अनावश्यक रूप से परेशान वाले लोगों पर नजर रखने के निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिए थे। कोतवाली प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि शहर में वेलेंटाइन पर कहीं से कोई विरोध-प्रदर्शन की सूचना नहीं मिली है।