कलक्ट्रेट में किसान यूनियन का धरना जारी
शामली। संपूर्ण गन्ना भुुगतान की मांग को लेकर किसान यूनियन कार्यकर्ताओं का कलक्ट्रेट कार्यालय पर बेमियादी धरना 13वें दिन भी जारी रहा। किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सवित मलिक ने कहा कि गन्ने के बकाया भुगतान होने तक उनका बेमियादी धरना जारी रहेगा।
सोमवार को कलक्ट्रेट में किसान यूनियन कार्यकर्ताओं को बेमियादी धरना 13 वें दिन जारी रहा। इस मौके पर किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सवित मलिक ने कहा कि पिछले साल का संपूर्ण भुगतान होने तक उनका बेमियादी धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बकाया भुगतान न मिलने से किसानों को बहुत अधिक परेशानी हो रही है। बिजली के बिल, बच्चों की फीस किसानों द्वारा नहीं जमा की जा रही है। उन्होंने शामली चीनी मिल से संपूर्ण गन्ना भुगतान कराए जाने की मांग की है। बेमियादी धरने में किसान यूनियन के प्रदेश महामंत्री संजीव लिलोन, जिला अध्यक्ष मनोज पवार, जगवीर फौजी, चोहल सिंह, रघुवीर सिंह, जयपाल सिंह कुड़ाना, सुखपाल सिंह, अंकुर सहित आसपास के किसान मौजूद रहे।