अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर अधूरे पड़े डिवाइडर और सड़क चौड़ीकरण का कार्य एक बार फिर शुरू कर दिया गया है। पालिका की ओर से फिलहाल डिवाइडर निर्माण को खुदाई की जा रही है।
कस्बे के बीच से गुजर रहे पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर जनता को जाम से निजात दिलाने तथा कस्बे की सुंदरता बढ़ाने के लिए प्रस्तावित डिवाइडर का निर्माण वर्षों से अधर में लटका पड़ा था। नगर पालिका परिषद कैराना के पूर्व अध्यक्ष हाजी राशिद अली के समय में पानीपत बाईपास से कांधला तिराहे के करीब तक लगभग दो किलोमीटर लंबा डिवाइडर निर्माण कराया गया था। एक सप्ताह पूर्व पालिका की ओर से डिवाइडर निर्माण से पूर्व सड़क चौड़ीकरण को दोनों साइडों में मिट्टी डलवाकर उसे समतल कराया गया था। शुक्रवार को वर्तमान पालिकाध्यक्ष हाजी अनवर हसन ने अधूरे पड़े डिवाइडर निर्माण और सड़क चौड़ीकरण पर प्रक्रिया शुरू करा दी है। पालिका की ओर से डिवाइडर निर्माण के लिए सड़क के बीचोबीच जेसीबी से खुदाई की जा रही है। खुदाई का कार्य पूर्ण होने के बाद निर्माण शुरू हो जाएगा। इससे नगर की जनता को जाम से काफी हद तक मुक्ति मिलेगी। उधर, पालिकाध्यक्ष हाजी अनवर हसन ने बताया कि इस बार तीसरे क्रम में कोतवाली गेट के निकट तक डिवाइडर निर्माण प्रस्तावित है। यहां तक कार्य फाइनल होने के बाद बाकी निर्माण की प्रक्रिया की जाएगी।