कैराना। मायापुर फार्म पर भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने भाजपा नेता मृगांका सिंह की मौजूदगी में बैठक कर यंग वोटर्स अभियान पर चर्चा की।
मृगांका सिंह ने आह्वान किया कि अधिक से अधिक युवाओं के वोट बनवाए जाएं। इसके लिए भाजपा युवा मोर्चा संयोजकों को अलग-अलग सेक्टरों में जाकर युवाओं के वोट बनवाने हैं तथा पार्टी की सदस्यता के लिए प्रेरित करना है। पार्टी सदस्यता के लिए टॉल फ्री नंबर 18002661001 पर मिस्ड कॉल करने का आह्वान करें। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष पुनीत द्विवेदी ने कहा कि कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को ठीक से निभाएं तथा युवाओं को मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए प्रेरित करें। बैठक में जिला पंचायत सदस्य अनुज चौहान, रवि कश्यप, कुलबीर तोमर, देवाशीष वर्मा, कैराना विधानसभा क्षेत्र संयोजक रजनीश आदि मौजूद थे।
एससीएसटी आयोग के अध्यक्ष करेंगे समीक्षा
शामली। उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग के अध्यक्ष पूर्व आईपीएस ब्रजपाल आठ अक्तूबर को शामली में अनुसूचित जाति, जनजाति से संबंधित मामलों की समीक्षा करेंगे। वह एक दिवसीय दौरे पर शामली आ रहे हैं। दोपहर साढ़े 11 बजे वह बनत स्थित पीडब्लूडी गेस्ट हाउस पहुंचेंगे। वहां पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों, सीएमओ तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी के साथ बैठक करेंगे।