शामली। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कांधला क्षेत्र के कई स्कूलों का शनिवार को निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूलों में सफाई व्यवस्था ठीक न मिलने और कमजोर शिक्षणकार्य मिलने पर प्रधानाचार्यों को फटकार लगाई। सभी शिक्षकों से मेहनत के साथ शिक्षण कार्य कराने के भी निर्देश दिए।
शनिवार को डीआईओएस अनुराधा शर्मा ने कांधला क्षेत्र के तीन वित्तविहीन स्कूलों का निरीक्षण किया। जिसमें उन्होंने सबसे पहले अजब सिंह इंटर कॉलेज जसाला का निरीक्षण किया। स्कूल में सफाई व्यवस्था उचित नहीं मिली। वहीं स्कूल के कक्षों में शिक्षकों द्वारा गणित व भौतिक विज्ञान विषय कुर्सी पर बैठकर कहानी के रुप में पढ़ाया जा रहा था। जब बच्चों से प्रश्न पूछे तो वह किसी भी सवाल का उचित जवाब नहीं दे पाए। जिसके बाद उन्होंने पास के ही लाडो देवी स्कूल का निरीक्षण किया। सबसे पहले वह कक्षा 11 में पहुंची। शिक्षिका द्वारा शिक्षाशास्त्र पढ़ाया जा रहा था। छात्राओं से परिभाषा पूछी तो वह नहीं बता सकी।
कक्षा सात में स्वयं प्रधानाचार्या द्वारा संस्कृत विषय पढ़ाया जा रहा था। पूछने पर कोई उत्तर नहीं दिया गया। कक्षा-9 में विज्ञान विषय में बच्चों से परमाणु व उत्तक के बारे में पूछा कोई जवाब नहीं दिया गया। कक्षा-10 में भौतिक परिवर्तन व रासायनिक परिवर्तन के बारे में पूछा तो कोई जवाब नहीं दिया गया। जिसके बाद प्रगति स्कूल कांधला का निरीक्षण किया। जहां पर सफाई व्यवस्था ठीक मिली। शिक्षण कार्य भी उचित मिला। जिसके बाद उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों व शिक्षकों को पढ़ाई मेहनत से कराने व सफाई व्यवस्था उचित रखने के कड़े निर्देश दिए।