शामली। आरके इंटर कॉलेज और लिसाढ़ के जनता इंटर कॉलेज में सीआईएसएफ के शहीद हुए जवानों के स्मारक का अनावरण किया गया। अधिकारियों ने शहीदों की शहादत के विषय में विस्तार से जानकारी दी।
पीएम मोदी ने द्वारा शहीदों को श्रद्धांजलि व सम्मान देने के लिए उनके विद्यालयों में स्मारक बनाने और सम्मान देने का कार्यक्रम पूरे भारत में शुरु किया है। इसी क्रम मंगलवार को शहर के कैराना रोड स्थित किसान इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र सीआईएसएफ में शहीद हुए पुष्पेंद्र पुत्र ब्रह्म सिंह निवासी नगली जमालपुर के स्मारक का अनावरण किया गया। स्मारक का अनावरण विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने किया। कार्यक्रम में पहुंचे सीआईएसएफ के अधिकारी बहादुर राम ने बताया कि शहीद पुष्पेंद्र महाराष्ट्र के नागों थाने में सरकारी कारखाने में हुए गैस रिसाव को रोकते समय धमाके में शहीद हो गए थे। इस दौरान प्रबंध कार्यकारिणी के अध्यक्ष जयपाल सिंह, प्रबंधक ब्रह्म सिंह, अधिकारी मनोज कुमार, एसआई किशन थापा, राजवीर सिंह, सतेंद्र सिंह, रविंद्र, बिजेंद्र मलिक, वीरसैन, सलेकचंद, सहदेव मलिक रहे।
वहीं, जनता इंटर कॉलेज लिसाढ़ में शहीद सत्यपाल सिंह निवासी गांव सरनावली के स्मारक का अनावरण किया गया। सत्यपाल 1985 में सीआईएसएफ में भर्ती हुए थे। वह नक्सल प्रभावित क्षेत्र बचेली छत्तीसगढ़ में पेट्रोलिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा बिछाए बारूदी सुरंग के विस्फोट से अपने तीन साथियों के साथ शहीद हुए थे। यह जनता इंटर कॉलेज के पूर्व छात्र थे। इस दौरान प्रधानाचार्य, सीआईएसएफ अधिकारी मनोज कुमार, एसआई किशन थापा, सचिव रवींद्र आदि मौजूद रहे।