किसान ने पेश की ईमानदारी की मिसाल
शामली। समाज में ईमानदार लोगों की कमी नहीं है। ऐसी ही मिसाल पेश की है गांव मुंडभर के किसान सतेंद्र और उदयवीर सिंह ने। उन्हें दो महीना पूर्व ई रिक्शा में आभूषण सहित लावारिस बैग मिला था, जिसके बाद उन्होंने बैग मालिक को तलाश किया और शनिवार को आभूषण उसको सौंप दिए। आभूषण मिलने पर उनके मालिक ने खुशी जताई और किसान को धन्यवाद किया।
गांव मुंडभर निवासी किसान सतेंद्र सरपंच और उदयवीर सिंह करीब दो माह पूर्व जब शामली में रोडवेज बस स्टैंड से ई-रिक्शा में बाजार की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक महिला भी ई रिक्शा में बैठी, लेकिन वह अपना बैग रिक्शा में भूलकर चली गई। बैग में सोने और चांदी के आभूषण रखे थे। किसानों ने महिला को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं लग सका। इसके बाद वह बैग को अपने साथ घर ले गए। फिर उन्होंने अपने परिचितों से यह सूचना सोशल मीडिया पर डलवाई। शनिवार को ही ऊन निवासी रुचि गोयल पत्नी विक्की गोयल तक जब यह सूचना पहुंची, तो उन्होंने किसानों से संपर्क किया। शनिवार दोपहर विक्की गोयल शामली में पहुंचे। मुजफ्फरनगर रोड स्थित पेट्रोल पंप के उद्घाटन कार्यक्रम में किसान सतेंद्र और उदयवीर सिंह से मुलाकात की। इस दौरान सपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह, गन्ना समिति के डायरेक्टर लवली मलिक की मौजूदगी में किसानों ने महिला के पति विक्की गोयल को आभूषण लौटा दिए।