जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में ऊन तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ, जिसमें 66 शिकायतें प्राप्त हुई। उनमें से पांच शिकायतों का निस्तारण हो सका। वहीं, शामली तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस में आई 65 शिकायतों में से तीन शिकायतों का निस्तारण किया गया। बाकी शिकायतें संबंधित विभाग के अधिकारियों के पास निस्तारण के लिए भेज दी गईं।
ऊन तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि भूमि विवादों का निस्तारण समय से किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिया कि कृषि ऋण मोचन संबंधित शिकायतों की जांच कर पात्र को लाभ दिलाया जाए। साथ ही जन समस्याओं के निस्तारण समय पर किया जाए, उसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी। इस दौरान एसपी डॉ. अजयपाल शर्मा, एसडीएम ऊन विनोद कुमार सिंह, सीएमओ डाक्टर राजकुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, तहसील शामली में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम सुरजीत सिंह की अध्यक्षता में शिकायतें सुनी गईं। इस दौरान काकानगर निवासी इंद्रपाल सिंह ने झिंझाना रोड पर बैंक शाखा के पास गली में वाहन खड़े होने की वजह से रास्ता बंद होने की शिकायत की। कई लोगों ने चकरोड की भूमि से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की। इस दौरान कुल 65 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें से तीन शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक जगदीश शर्मा, तहसीलदार राकेश त्यागी और नायब तहसीलदार सुरेंद्र सिंह आदि अधिकारी उपस्थित रहे।