शामली। शुगर मिल में गन्ना लेकर आ रहे किसान की बुग्गी में महेंद्रा पिकप में टक्कर मार दी। हादसे में किसान और उसके भैंसे की मौत हो गई, जबकि महेंद्रा पिकप में सवार दोनों युवक भी घायल हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम और सीओ ने समझाबुझाकर ग्रामीणों का शांत किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव झाल निवासी नरेश (45) पुत्र अतला अपने साथियों के शुगर मिल में गन्ना लदी बुग्गी लेकर आ रहा था। मेरठ-करनाल हाइवे पर झाल गेट के पास एक महेंद्रा पिकप ने बुग्गी में टक्कर मार दी। इसमें नरेेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि महेंद्रा पिकप में सवार चालक जोनी और उसका साथी संजय भी घायल हो गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और गंभीर घायल नरेेश और गाड़ी चालक जोनी एवं संजय को अस्पताल में भिजवाया। चिकित्सकों ने नरेश को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर झाल के लोग भी मौके पर आ गए और मुआवजे की मांग को लेकर मेरठ-करनाल हाइवे पर जाम लगा दिया। इस कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों कहना था कि इस रोड पर एक माह पूर्व इसी तरह का हादसा हो गया था। कई बार गन्ना क्रय केंद्र बनवाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अभी तक वहां तौल केंद्र नहीं बन पाया है। ग्रामीणों ने मृतक आश्रितों को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की। जाम की सूचना पर एसडीएम सुरजीत सिंह, सीओ कैराना और कोतवाली प्रभारी अवनीश गौतम मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाबुझाकर शांत किया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, नरेश के परिजन अशोक ने महेंद्रा पिकअप के चालक जोनी के खिलाफ कोतवाली में लापरवाही से गाड़ी चलाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।