शामली। स्वास्थ्य विभाग की 16 टीमों ने नए हॉटस्पॉट क्षेत्र सलेक विहार समेत आधा किमी के दायरे में आने वाले करीब दो हजार घरों में डोर-टू-डोर जाकर सर्वे कार्य पूरा किया।
18 मई को सब्जी व्यापारी के सैंपल की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने पर उसके निवास वाले मोहल्ला सलेक विहार को सील कर हॉटस्पॉट क्षेत्र चिह्नित किया गया था। इस क्षेत्र को सैनिटाइज कराने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा सर्वे कार्य शुरू किया गया था। सीएमओ डा. संजय भटनागर ने बताया कि दो दिन तक स्वास्थ्य विभाग की 16 टीमों द्वारा डोर-टू-डोर सर्वे कराया गया। शुक्रवार को सर्वे कार्य पूरा कर लिया गया है। हॉटस्पॉट क्षेत्र के साथ आधा किमी के दायरे में आने वाले घरों का भी सर्वे किया गया। इन्हें मिलाकर करीब दो हजार घरों में सर्वे कर जानकारी जुटाई गई कि किसी का खांसी, जुकाम, बुखार या अन्य कोई बीमारी तो नहीं है। कोई बाहर से आया हुआ तो नहीं है। परिवार के सदस्यों की संख्या आदि जानकारी की गई है। उन्होंने बताया कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर एहतियात के तौर पर कुछ लोगों के सैंपल लेकर जांच को भेजे जाएंगे।