फाइलों को अपडेट करने में जुटे रहे कर्मचारी
शामली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सहारनपुर में दौरे को लेकर जनपद के अधिकारी अलर्ट रहे। जनपद के अधिकारियों की सांसें अटकी रही। सरकारी कार्यालय में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे और कामकाज निपटाने के साथ ही फाइलों को अपडेट करने में जुटे रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार दोपहर को सहारनपुर में दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। मुख्यमंत्री द्वारा सहारनपुर मंडल के तीनों जिलों की कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा करने को लेकर जनपद के अधिकारी अलर्ट रहे। सीएम के निर्देशों के तहत सभी अधिकारी सुबह नौ बजे से पहले ही अपने कार्यालयों में पहुंच चुके थे। कर्मचारी भी समय पर कार्यालय में पहुंचे। अधिकारी जहां लोगों की समस्याएं सुनते हुए मिले, वहीं कर्मचारी भी कामकाज निपटाने में लगे रहे। साथ ही फाइलों में अपडेट करने में जुटे रहे। रेलपार स्थित पुलिस कार्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार श्रीवास्तव अपने कार्यालय में करीब पौने नौ बजे पहुंचे और फरियादियों की समस्या सुननी शुरू की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के नौ बजे तक कार्यालय पहुंचने के आदेश हैं। एएसपी ने शनिवार को करीब पौने 12 बजे तक कार्यालय में मौजूद रहकर 28 से अधिक फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनका निस्तारण कराया। इसी तरह एडीएम आनंद कुमार शुक्ला भी नौ बजे तक अपने कार्यालय में पहुंच चुके थे। उन्होंने करीब 11.30 बजे तक कार्यालय में रहकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इसी तरह एसडीएम कार्यालय, तहसीलदार कार्यालय, आपूर्ति विभाग, उप निबंधक समेत सभी कार्यालय में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कुल मिलाकर देखा जाए तो सरकारी कार्यालय में सीएम के दौरे का असर साफ दिखाई दे रहा था। कलक्ट्रेट हो या पुलिस ऑफिस या अन्य किसी विभाग का कार्यालय सभी जगह सीएम के दौरे को लेकर चर्चा होती रही।