अमर उजाला ब्यूरो
थानाभवन (शामली)। हिंड गांव में मंगलवार सुबह दो मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। इसके मलबे में दबकर एक चार साल के मासूम की मौत हो गई, जबकि दूसरे को घायल अवस्था में कस्बे के सामुदायिक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही एसडीएम, सीओ सहित पुलिस और मेडिकल की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
गांव हिंड में स्वर्गीय हाजी आकिल के सात पुत्र गय्यूर अली, सत्तार, दिलशाद, आरिफ, गुलबहार, आसिफ और परवेज अपने पत्नी व बच्चों के साथ सभी एक ही दो मंजिला मकान में रहते हैं। परिवार में कुल 40 सदस्य है। मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे उनके मकान की छत भरभराकर गिरनी शुरू हो गई। इससे परिजनों ने शोर मचाते हुए घर से भागना शुरू कर दिया। हालांकि, लिंटर गिरने तक अधिकांश परिजन बाहर निकल आए, लेकिन दो बच्चे मलबे में ही दब गए। परिजनों ने मिट्टी हटाकर किसी तरह बच्चों को बाहर निकाला। मगर, तब तक फैजान (4) पुत्र आरिफ की मौत हो गई थी, जबकि जैद (ढाई वर्ष) पुत्र आसिफ गंभीर घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चे को सामुदायिक चिकित्सालय में भर्ती कराया। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। उधर, परिजनों ने मृतक बच्चे का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है।
मकान गिरने से एक बालक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है। परिजनों ने मृतक बच्चे का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है। पीड़ित परिवार को मुआवजे के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। - सुरेंद्र यादव, पुलिस उपाधीक्षक।