शामली। सोमवार सुबह शहर के मोहल्ला दयानंद नगर निवासी सुशीला अपनी बेटी को दिल्ली जाने वाली जनता एक्सप्रेस में बैठाने गई थी। सुशीला की बेटी गुड़गांव में किसी कंपनी में जॉब करती है। महिला जब अपनी बेटी को ट्रेन में बैठा रही थी, उसी समय ट्रेन चल दी। ट्रेन चलने पर महिला उतरने लगी। संतुलन बिगड़ने के कारण महिला प्लेटफार्म पर गिरकर घायल हो गई। घायल महिला को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। जीआरपी थाना पुलिस का कहना है कि ट्रेन से उतरते समय महिला गिरकर घायल हो गई थी। इस मामले में लिखित में कोई शिकायत नहीं मिली है।
विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला
कैराना। मोहल्ला बेगमपुरा निवासी अनुराधा ने कोतवाली कैराना पर तहरीर देते हुए बताया कि उसकी शादी वर्ष 2006 में सागरपुर नई दिल्ली में हुई थी। शादी में दिए गए दहेज से ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। आरोप है कि ससुरालियों द्वारा दहेज में पांच लाख रुपये की मांग की जा रही थी, जिस कारण उसका उत्पीड़न किया जा रहा था। शादी के बाद उसे दो बच्चे हैं। विवाहिता का आरोप है कि ससुरालियों ने उसे मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। वह मायके में अपने भाई के यहां रह रही है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।