झिंझाना। क्षेत्र के गांव चौतरा के निकट यमुना नदी में डूबी दूसरी किशोरी का शव बरामद हो गया है। परिजनों ने गमगीन माहौल में किशोरी के शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया। जबकि तीसरी किशोरी की तलाश जारी है।
झिंझाना थानाक्षेत्र के गांव चौतरा के निकट यमुना में बुधवार को तीन किशोरी नहाने गई थीं। तीनों आपस में सहेली थीं। एक सहेली को डूबता देख दूसरी सहेली ने उसे बचाने की कोशिश की। दोनों सहेलियों को बचाने की खातिर तीसरी सहेली ने भी यमुना में कूद पड़ी थी। इस तरह एक के बाद एक तीनों किशोरी गहरे पानी में डूब गई थी। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने किशोरियों को डूबते हुए देखकर शोर मचा दिया था। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई थी। गोताखारों की मदद से तीनों किशोरियों की यमुना में तलाश शुरू कर दी गई थी। बुधवार शाम यमुना से नगमा पुत्री वाजिद निवासी गांव रामड़ा थाना कैराना का शव बरामद कर लिया गया था। बृहस्पतिवार को यमुना में तलाश के दौरान दूसरी किशोरी अलीना पुत्री इरशद निवासी गांव बिड़ौली सादात का भी शव बरामद हो गया। शव को देखकर परिजन बिलख पड़े। बाद में गमगीन माहौल में परिजनों ने शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया । तीसरी किशोरी गुल्लो निवासी गांव मुंडीगढी थाना घरौंडा, हरियाणा की तलाश जारी है। उसका अभी पता नहीं चल सका है।