बुजुर्ग किसान को मिली 25 दिन की मोहलत, प्रशासन ने किया रिहा
थानाभवन। पंजाब नेशनल बैंक से लोन की रकम न चुकाने पर गिरफ्तार किए गए बुजुर्ग किसान को तहसील प्रशासन ने 25 दिन में कर्ज चुकाने की मोहलत देने के साथ रिहा कर दिया है।
क्षेत्र के गांव मंटी हसनपुर निवासी भोपाल सिंह ने कुछ साल पूर्व कस्बे के पंजाब नेशनल बैंक से 55 हजार रुपये का लोन लिया था। अब लोन की रकम ब्याज लगने के बाद एक लाख 25 हजार हो गई थी। इसके बाद राजस्व विभाग की टीम ने किसान की आरसी जारी कर दी थी, लेकिन किसान घर की आर्थिक तंगी की वजह से लोन की रकम जमा नहीं कर पाए थे। मंगलवार को राजस्व विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर बुजुर्ग बीमार किसान को गिरफ्तार कर लिया। किसान के पुत्र विक्रम कुमार ने तहसील में गुहार लगाते हुए बताया था कि वह कुल छह बीघा भूमि के किसान हैं। उसमें पिता की बीमारी के चलते दो बीघा जमीन बेची जा चुकी है। तहसील प्रशासन ने 25 दिन की मोहलत देकर किसान को रिहा कर दिया। तहसीलदार प्रीति सिंह ने बताया कि किसान को फिलहाल कुछ दिनों की छूट देकर घर भेज दिया है। परिजनों को समय से लोन की रकम जमा कराने के निर्देश दिए हैं।