आतंकवाद विरोधी दिवस पर दिलाई शपथ
अमर उजाला ब्यूरो
शामली/कैराना। आतंकवाद विरोधी दिवस पर पुलिस कार्यालय सहित जिले के सभी थानों में पुलिसकर्मियों को आतंकवाद के विरुद्ध कर्तव्य एवं निष्ठा के साथ ड्यूटी करने की शपथ दिलाई गई।
पुलिस कार्यालय में एसपी अजय कुमार ने आतंकवाद विरोधी दिवस पर पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर एसपी ने बताया कि आज के समय में दुनिया की सबसे बड़ी और अहम समस्या आतंकवाद है। आतंकवाद के कारण भारत समेत कई देशों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। आतंकवाद जैसी समस्या से निपटने के लिए भारत में 21 मई को आतंकवाद विरोधी दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को आतंकवाद के समाज विरोधी कृत्य से अवगत कराना है। एसपी ने बताया कि 21 मई 1991 को तमिलनाडु के पेरंबदूर में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी। उनकी हत्या के बाद इस दिन को राजीव गांधी बलिदान दिवस को आतंकवाद विरोधी दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दौरान एसपी ने पुलिसकर्मियों को आतंकवाद के विरुद्ध कर्तव्य एवं निष्ठा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। शामली कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक सुभाष सिंह राठौर ने और आदर्श मंडी थाने में यज्ञदत्त शर्मा ने पुलिसकर्मियों केे शपथ दिलाई। उधर, कैराना में आतंकवाद विरोधी दिवस पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार नागर ने पुलिस स्टाफ को आतंकवाद के विरुद्ध कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी ड्यूटी करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आतंकवाद विरोधी दिवस मनाने का उद्देश्य राष्ट्र हितों पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों, आतंकवाद के कारण आम जनता को होने वाली परेशानियों और आतंकी हिंसा से दूर रखना है। इस दौरान निरीक्षक अपराध रामभवन सिंह, एसआई हरिओम त्यागी, एसआई अजय कसाना, एसआई अंजू सिंह आदि मौजूद रहे।