व्यापारियों ने अतिक्रमण हटाने का विरोध किया
अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। पानीपत-खटीमा राजमार्ग से अतिक्रमण ध्वस्त करने के बाद बुधवार को प्रशासन ने पुलिस बल के साथ अंदर के मुख्य बाजार से अतिक्रमण हटाने का प्रयास किया। इस दौरान व्यापारियों ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करते हुए नारेबाजी की। प्रशासन ने अनाधिकृत रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए व्यापारियों को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है।
एसडीएम डाक्टर अमित पाल शर्मा के निर्देश पर बुधवार शाम चार बजे तहसीलदार रनबीर सिंह, कोतवाली प्रभारी राजेन्द्र कुमार नागर व नायब तहसीलदार सुरेन्द्र सिंह ने पालिका की टीम और पुलिस बल के साथ शामली बस स्टैंड से बेगमपुरा बाजार में जेसीबी से अतिक्रमण हटाने की शुरूआत की। इसी बीच व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनिल गुप्ता ने अन्य व्यापारियों के साथ मिलकर टीम का विरोध शुरू कर दिया। व्यापारियों का कहना था कि पहले प्रशासन बाजार में लगने वाली ठेलियों को कहीं दूसरी जगह लगाने का बंदोबस्त करे, उसके बाद ही बाजार से अतिक्रमण हटवाया जाएगा। टीम ने व्यापारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। व्यापारियों ने अतिक्रमण हटवाने के लिए अधिकारियों से एक सप्ताह का समय देने का आग्रह किया, जिस पर तहसीलदार ने एसडीएम से फोन पर वार्ता की। इसके बाद व्यापारियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए तीन दिन का समय दिया गया।
दुकानदारों के नाम नोट करने के साथ ही कराई वीडियोग्राफी
व्यापारियों के विरोध के बाद प्रशासन ने जेसीबी को वापस भेजने के साथ ही व्यापारियों को साथ लेकर बाजार बेगमपुरा, चौक बाजार व जोडिया कुआं तक पैदल भ्रमण किया। इस दौरान प्रशासन ने नाली से आगे बड़े बड़े लिंटर डाल कर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के नाम नोट किए तथा उनकी वीडियोग्राफी कराई। व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि बाजारों से पहले ठेली रेहड़ी वालो को हटाया जाना चाहिए। व्यापारी अपनी दुकानों से बाहर सामान नही रखेगें। एसडीएम डा अमित पाल शर्मा ने बताया कि बाजारों में नालियों के ऊपर स्लैब व चबूतरा डालने के कारण नालियों में साफ सफाई नहीं हो पाती। कई बार सफाई कर्मचारी भी शिकायत कर चुके हैं। व्यापारियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए शनिवार तक को समय दिया गया है। उसके बाद पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाया जाएगा।