अमर उजाला ब्यूरो
शामली। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर सोमवार को जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर कृमिनाशक एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में तीन लाख 73 हजार 399 बच्चों को गोली खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। लक्ष्य को पूरा करने के लिए एएनएम, स्टाफ नर्स, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशाओं को सीएमओ कार्यालय में प्रशिक्षण दिया गया।
बच्चों के संपूर्ण स्वास्थ्य, पोषण और जीवन गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए राष्ट्रीय कृमि दिवस मनाया जाता है। एसीएमओ डाक्टर सुशील कुमार ने बताया कि इस साल यह दिवस 25 फरवरी को मनाया जा रह है। इस दिन जिले के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर एक से 19 साल तक के सभी बच्चों को कृमि नाशक एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। जिले में तीन लाख 73 हजार 399 बच्चों को गोली खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। शनिवार को सीएमओ कार्यालय सभागार में सीएमओ डाक्टर संजय भटनागर की अध्यक्षता में सभी पीएचसी और सीएचसी की एएनएम, स्टाफ नर्स, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशाओं को प्रशिक्षण दिया गया। सीएमओ ने बताया कि सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को एल्बेंडाजोल की गोली का वितरण कर दिया गया है। इसके लिए प्रचार-प्रसार किया गया है और वॉल पेंटिंग कराई जा रही है। ब्लाक स्तर पर इंटर डिपार्टमेंटल प्लान तैयार किया गया है ताकि अधिक से अधिक बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जा सके। उन्होंने बताया कि दो साल से छोटे बच्चे को आधी गोली और दो साल से बड़े बच्चे को पूरी गोली खिलाई जाएगी।
परीक्षा के चलते लक्ष्य पूरा करना चुनौती
शामली। स्कूल-कालेजों में परीक्षाएं शुरू होने के कारण इस बार स्वास्थ्य विभाग के सामने बच्चों को एलबेंडाजोल की गोली खिलाने का लक्ष्य पूरा करना चुनौती रहेगा। सीएमओ डाक्टर संजय भटनागर ने बताया कि अधिक से अधिक बच्चों को गोली खिलाने के लिए कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसके तहत स्कूल-कालेजों के बाहर काउंटर लगाकर परीक्षा के बाद बच्चों को एलबेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। जो बच्चे इस दिन गोली खाने से वंचित रह जाएंगे, उन बच्चों को एक मार्च को गोली खिलाई जाएगी।