शामली/कांधला। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कांधला में माध्यमिक स्कूलों की मंडल स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। जिसमें मंडल के तीनों जनपदों के कॉलेजों की सीनियर व सब-जूनियर बालिका टीमों ने प्रतिभाग कर अपना दम दिखाया। जिसमें सीनियर वर्ग में मुजफ्फरनगर और सब-जूनियर वर्ग में शामली का दबदबा रहा। इसके बाद अब दोनों टीमें लखनऊ में 10 से 13 के बीच होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी।
शनिवार को कांधला स्थित राजकीय बालिका कॉलेज में मंडल स्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित हुई। जिसमें मंडल के सहारनपुर, शामली व मुजफ्फरनगर की सीनियर व सब-जूनियर वर्ग की छह टीमों ने प्रतिभाग कर अपना दम दिखाया। उद्घाटन जिला विद्यालय निरीक्षक अनुराधा शर्मा ने किया। उन्होंने सभी प्रतिभागी टीमों की खिलाड़ियों से परिचय करते हुए सभी से मेहनत व लगन से खेलकर मंडल का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। जिसमें सीनियर वर्ग में फाइनल मुकाबला जनपद शामली व मुजफ्फरनगर की टीम के बीच हुआ। जिसमें मुजफ्फरनगर ने शामली को 35-30 से हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं सब-जूनियर वर्ग में फाइनल मुकाबला भी शामली व मुजफ्फरनगर की टीमों के बीच हुआ। दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। जिसमें शामली की टीम ने मुजफ्फरनगर को 28-27 से हराकर विजय हासिल की। कोच अशोक कुमार व अमरपाल ने बताया कि अब दोनों विजेता टीम 10 से 13 के बीच लखनऊ में होने वाली राज्य स्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपना दम दिखाएंगी।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुई खिलाड़ियों की सूची
सीनियर वर्ग : शिवानी, साक्षी, खुशी सहरावत, निकिता, आरती, शिवानी मुजफ्फरनगर से सरिता, मनीशा, कविता, आकांक्षा, मानसी शामली से और अतिरिक्त में शगुन शामली व आकृति मुजफ्फरनगर का चयन हुआ।
सब-जूनियर वर्ग : पूजा, सुनीता, गुड्डन, तनु, वंशिका, साक्षी शामली से, सोनिया कश्यप, अवंतिका, रुपा, जिया मलिक, पायल, फराना मुजफ्फरनगर से अतिरिक्त में निधि पंवार मुजफ्फरनगर और आरती शामली का चयन हुआ।