सीनियर वर्ग में कैराना और सब-जूनियर में शामली तहसील बनी कबड्डी विजेता
शामली। बाबू जवान सिंह इंटर कॉलेज खंद्रावली से माध्यमिक स्कूलों की खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। जिलास्तरीय बालक कबड्डी प्रतियोगिता में जनपद की तीनों तहसीलों की सब-जूनियर वर्ग व सीनियर वर्ग की टीमों ने हिस्सा लिया।
बृहस्पतिवार को खंद्रावली स्थित इंटर कॉलेज में माध्यमिक स्कूलों की तहसील स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के बाद जिलास्तरीय बालक कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रबंध कार्यकारिणी के अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह व प्रधानाचार्य डाक्टर हीरा सिंह ने किया। प्रतियोगिता में शामली, ऊन और कैराना तहसीलों की सब- जूनियर व सीनियर वर्ग की टीमों ने अपना दमखम दिखाया। सीनियर वर्ग का फाइनल मैच कैराना व शामली तहसील की टीम के बीच हुआ। कैराना तहसील की टीम ने शामली को 31-25 के अंतर से हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं सब- जूनियर वर्ग में फाइनल मैच कैराना व शामली के बीच ही हुआ। शामली ने कैराना तहसील को 17-12 के अंतर से हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। अब दोनों चयनित टीमें चार सितंबर को जनता इंटर कॉलेज हरसौली मुजफ्फरनगर में होने वाली मंडल स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपना दमखम दिखाएगी। इस दौरान खेल शिक्षक अशोक कुमार, अमरपाल, योगेंद्र मलिक, विकास कुमार, जबर सिंह, फूल कुमार, रणपाल सिंह, ज्ञानेंद्र आदि मौजूद रहे।
चयनित टीम के खिलाड़ियों के नाम की सूची
-सीनियर वर्ग में--आर्यन पंवार, धनंजय पंवार, आर्यन निर्वाल, आकाश मलिक, अर्पित पंवार, विशाल राणा, ऋषभ, शिवम कुमार, नितिन कुमार, अंकित मलिक, सागर पंवार, हर्षराज, अतिरिक्त में मनीष पंवार का चयन हुआ।
-सब-जूनियर वर्ग में--साहिल मलिक, आर्यन मलिक, कुलबीर चौहान, हिमांशु बालियान, ऋतिक, सागर, विशाल, मंजीत, मनव्वर, अर्जुन, सचिन व सुमित का चयन हुआ।