शामली। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के अंतर्गत चल रही क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में शामली के कॉलेज का दबदबा रहा। जिसमें कॉलेज के सात छात्रों ने वेट लिफ्टिंग में गोल्ड मेडल जीतकर कॉलेज और जनपद का नाम रोशन किया है।
तीन अगस्त को सावित्री देवी विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नागौरी में क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित कराई गई थी। जिसमें जनपद शामली के सरस्वती बालक इंटर कॉलेज के सात छात्रों ने वेट लिफ्टिंग में प्रतिभाग किया था। जिसमें सभी ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल प्राप्त कर कॉलेज व जनपद का नाम रोशन किया। जिसमें कक्षा नौ के छात्र सिद्धार्थ ने 56 किग्रा में, कक्षा दस के विक्रांत चौधरी ने 56 किग्रा में, कक्षा 11 के विनेश मलिक ने 69 किग्रा में, शिवम यादव ने 62 किग्रा में, कक्षा 12 के गौरव कुमार ने 77 किग्रा में, प्रिंस मलिक ने 85 किग्रा में और कक्षा 11 के चंद्रशेखर ने 94 किग्रा भार में गोल्ड मेडल जीता। अब सभी विजेता छात्र बालेराम ब्रजभूषण सरस्वती इंटर कॉलेज मेरठ में होने वाले राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। शनिवार को कॉलेज पहुंचने पर प्रधानाचार्य आनंद प्रसाद ने सभी खिलाड़ियों और क्रीड़ा विभाग प्रमुख नरेश तोमर को बधाई देते हुए सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान समस्त स्टाफ मौजूद रहा।