व्यापारियों ने अतिक्रमण हटवाने की मांग की
झिंझाना।
कस्बा झिंझाना में बस स्टैंड के पास राष्ट्रीय शिक्षा सदन इंटर कालेज और पंजाब नेशनल बैंक के बाहर रेहड़ी ठेले वालों द्वारा अतिक्रमण किए जाने से दुर्घटना का खतरा बना है, तो दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष से शिकायत करके अतिक्रमण हटवाने की मांग की है।
झिंझाना में मुख्य बाजार के अलावा बस स्टैंड पंजाब नेशनल बैंक, राष्ट्रीय शिक्षा सदन इंटर कालेज के आसपास रेहड़ी ठेलों पर फल बेचने वालों ने सड़क पर अतिक्रमण कर कब्जा किया हुआ है। जिसके चलते बाजार में आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा व्यापारियों का कहना है कि दुकान के सामने रेहड़ा खड़ा करने की वजह से उनकी दुकानों पर आ रहे ग्राहकों को परेशान होना पड़ रहा है। व्यापारी सुशील, अश्वनी शर्मा, राजेश मित्तल, गोपाल, टीटू, रणकुमार, लवी मित्तल, पोल्ली, रविंद्र कुमार और संजय आदि ने नगर पंचायत कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर अतिक्रमण को हटाने की मांग की है। व्यापारियों ने बताया कि अगर दो दिनों के अंदर अतिक्रमण नहीं हटाया जाता है, तो सभी व्यापारी अपने प्रतिष्ठान बंद करके जिलाधिकारी से शिकायत करेंगे। उधर, नगर पंचायत झिंझाना के चेरयरमैन नौशाद कुरैशी का कहना है कि मंगलवार से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रारंभकर दी जाएगी।